बाबा नाम को लेकर शुरू हुए विवाद में नया मोड़ आया है. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पौड़ी गढ़वाल पुलिस ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है. इस मामले में अभी तक एक गिरफ्तारी हुई है. पौड़ी गढ़वाल के एसएसपी सर्वेश पवार ने आजतक से फोन पर बातचीत में कहा कि SIT का गठन इसलिए किया गया है क्योंकि दोनों पक्षों की शिकायतों की निष्पक्ष जांच हो सके. साथ ही साथ यह भी पता लगाया जा सके कि घटनाक्रम के जरिए कोटद्वार में शांति भंग करने और आपसी सौहार्द को बिगाड़ने की कोई कोशिश तो नहीं की गई है.
एसएसपी सर्वेश पवार के अनुसार, जांच में डिजिटल एविडेंस को विशेष महत्व दिया जाएगा. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो, मोबाइल रिकॉर्डिंग, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच होगी. वीडियो के आधार पर उन सभी लोगों की पहचान की जाएगी, जो कानून व्यवस्था बिगाड़ते हुए नजर आए हैं.
15 दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपेगी SIT
SIT को 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके बाद रिपोर्ट के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने दोहराया कि कोटद्वार की शांति और भाईचारा किसी भी कीमत पर बिगड़ने नहीं दिया जाएगा. विवाद के बीच बाबा सेंटर के मालिक वकील अहमद और दीपक कुमार उर्फ मोहम्मद दीपक की ओर से भी एक संयुक्त अपील जारी की गई है. उन्होंने कोटद्वार के नागरिकों से संयम बरतने, अफवाहों से दूर रहने और शांति बनाए रखने की अपील की है.