रामनगर में अवैध अतिक्रमण हटाने गई वन विभाग की टीम पर पथराव, तोड़फोड़ का वीडियो आया सामने, 14 नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज

वन विभाग की एक बड़ी कार्रवाई के दौरान रामनगर वन प्रभाग तराई पश्चिमी में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर अतिक्रमणकारियों ने हमला बोल दिया,रामनगर तराई पश्चिमी के मालधन के जुड़का गांधी नगर खत्ता इलाके में जब वन विभाग की टीम अवैध कब्जे को हटाने पहुंची, तो अतिक्रमणकारियों ने न सिर्फ विरोध किया बल्कि पथराव कर दिया, इस हमले में जेसीबी मशीन को भारी नुकसान पहुंचा, जबकि कुछ वनकर्मी और जेसीबी ड्राइवर घायल हो गए.
मिली जानकारी के अनुसार, वन विभाग की टीम वन भूमि में अवैध अतिक्रमण को रोकने और खाई खुदाई के लिए पहुंची थी,जैसे ही अतिक्रमणकारियों को इसकी भनक लगी, वैसे ही दर्जनों लोगों ने अपने चेहरे कपड़ों से ढक लिए और टीम पर हमला कर दिया.पथराव इतना तीव्र था कि वनकर्मियों को अपनी सुरक्षा के लिए पीछे हटना पड़ा।
हमलावरों ने न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया बल्कि जेसीबी मशीन पर भी जमकर पत्थरबाजी की, जिससे उसकी विंडशील्ड और अन्य हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए.इस घटना में कुछ वनकर्मी भी घायल हुए हैं।
इस मामले पर तराई पश्चिम वन प्रभाग के डीएफओ प्रकाश आर्य ने बताया कि
हमारी एसडीओ के नेतृत्व में टीम अवैध अतिक्रमण हटाने गई थी,लेकिन अतिक्रमणकारियों ने हिंसक हमला कर दिया,इस हमले के बाद टीम को पीछे हटना पड़ा.हमने काशीपुर थाने में 14 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज करवाई है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है,पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं.
घटना के बाद पुलिस और वन विभाग की टीमें एक्शन में आ गई हैं,पुलिस ने आसपास के इलाकों में जांच शुरू कर दी है और नामजद 14 लोगों की तलाश जारी है,साथ ही, जो भी लोग इस हमले में शामिल थे, उनकी पहचान करने के लिए वीडियो क्लिप्स खंगाली जा रही हैं.
सूत्रों की मानें, तो अतिक्रमणकारी कई वर्षों से वन भूमि पर अवैध कब्जा जमाए हुए थे और सरकार की सख्ती के बावजूद वह वहां से हटने को तैयार नहीं थे। इस बार जब प्रशासन ने सख्त कदम उठाया, तो उन्होंने हिंसा का रास्ता अपना लिया।
इस हमले में सरकारी संपत्ति को भी काफी नुकसान हुआ है। जेसीबी मशीन को क्षति पहुंचाने के साथ-साथ वन विभाग के वाहनों और कर्मचारियों पर हमला हुआ है.ऐसे में आरोपियों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, हमला करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है.

शेयर करे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *